उत्तराखंड
देहरादून: फर्जी जाति प्रमाणपत्र से नौकरी पाने वाली शिक्षिका पर केस दर्ज

देहरादून जिले में फर्जी जाति प्रमाणपत्र के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने का मामला सामने आया है। इस मामले में संबंधित शिक्षिका के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग की जांच में राजकीय प्राथमिक विद्यालय जौलीग्रांट प्रथम में तैनात सहायक अध्यापिका का जाति प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया। इसके बाद उप शिक्षा अधिकारी डोईवाला की शिकायत पर कार्रवाई की गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने शिक्षिका की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी है। बताया गया कि आरोपी शिक्षिका ने वर्ष 2013 में फर्जी दस्तावेजों के जरिए आरक्षित वर्ग का लाभ लेकर नौकरी प्राप्त की थी।
पुलिस ने धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



