उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी: पहाड़ी जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, 8 अगस्त तक बिगड़ा रहेगा मौसम

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी तेज बारिश, गर्जन और बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 8 अगस्त तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।
रविवार को पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं मैदानी इलाकों में बारिश कम होने के कारण उमस और गर्मी का असर बना रहा। देहरादून में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम पांच बजे तक 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शहर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।



