उत्तराखंड

तीलू रौतेली जयंती पर 13 महिलाओं का होगा सम्मान, 8 अगस्त को सीएम धामी करेंगे पुरस्कार प्रदान

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड सरकार वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती के अवसर पर इस वर्ष 13 महिलाओं और किशोरियों को प्रतिष्ठित तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित करेगी। पुरस्कार वितरण समारोह 8 अगस्त को संस्कृति विभाग के हरिद्वार बाईपास स्थित सभागार में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चयनित महिलाओं को सम्मानित करेंगे। मुख्यमंत्री से कार्यक्रम को मंजूरी मिल चुकी है।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, तीलू रौतेली पुरस्कार खेल, समाजसेवा, साहित्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं और किशोरियों को प्रदान किया जाता है। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2006 में की गई थी।

इस वर्ष पुरस्कार के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से 217 आवेदन प्राप्त हुए थे। सभी आवेदनों की जांच और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 13 महिलाओं का चयन किया गया। इसके अलावा, 35 महिलाओं को राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव चंद्रेश कुमार ने बताया कि तीलू रौतेली पुरस्कार राज्य की उन महिलाओं को सम्मानित करने का माध्यम है जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रेरणादायक कार्य कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया है। सरकार का उद्देश्य ऐसी महिलाओं को पहचान देना और अन्य लोगों को भी प्रेरित करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button