उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, चमोली, देहरादून और चकराता में कई सड़कें बंद; जनजीवन प्रभावित

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन एक बार फिर प्रभावित हो गया है। राज्य के कई पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाओं के चलते प्रमुख सड़कें बंद हो गई हैं। चमोली जिले में ग्वालदम मार्ग और देहरादून जिले के कालसी–चकराता मार्ग समेत कई संपर्क मार्ग मलबा आने से बाधित हो गए हैं। प्रशासन की टीमें सड़कें खोलने के लिए लगातार राहत और बहाली कार्य में जुटी हैं। भारी बारिश के कारण हाल के दिनों में प्रदेश में सड़क संपर्क लगातार प्रभावित हो रहा है।

लोक निर्माण विभाग (PWD) और जिला प्रशासन के अनुसार, कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा और बड़े पत्थर सड़क पर गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य जारी है, लेकिन लगातार बारिश के कारण बहाली कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सड़कें बंद होने से स्थानीय लोगों, यात्रियों और आवश्यक सेवाओं पर असर पड़ा है। कई क्षेत्रों में लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा पर निकलने से पहले सड़क एवं मौसम की ताजा जानकारी लेने की अपील की है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और आपदा प्रबंधन की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button