ओडिशा के स्कूलों में नया निर्देश: ‘वंदे मातरम्’ के बाद ही होगा ‘जन गण मन’, सरकार ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश

भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने राज्य के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के लिए राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के गायन को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नए आदेश के अनुसार, जहां भी ‘वंदे मातरम्’ और ‘जन गण मन’ दोनों का गायन होगा, वहां पहले ‘वंदे मातरम्’ और उसके बाद ‘जन गण मन’ प्रस्तुत किया जाएगा। यह निर्देश केंद्रीय गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जारी किया गया है।
स्कूल एवं जनशिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO), ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (BEO) और स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिया है कि इन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। सरकार ने यह भी कहा है कि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के मूल शब्द, सही उच्चारण और निर्धारित धुन का ही उपयोग किया जाए।
दिशा-निर्देशों के अनुसार, राष्ट्रगान के गायन या वादन के दौरान सभी छात्रों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को सम्मान स्वरूप सावधान की मुद्रा में खड़ा होना होगा। हालांकि, यदि राष्ट्रगान किसी फिल्म या वृत्तचित्र का हिस्सा हो, तो यह नियम लागू नहीं होगा। इसके अलावा, स्कूलों को सुबह की प्रार्थना सभा में सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया है, ताकि विद्यार्थियों में राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान की भावना विकसित हो सके।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन दिशा-निर्देशों का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान की गरिमा बनाए रखना तथा विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करना है। सभी शिक्षण संस्थानों को इन नियमों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।



