कालसी-चकराता मार्ग पर मलबा आने से गदेरे में फंसी कार, जेसीबी की मदद से सुरक्षित निकाले गए यात्री

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच विकासनगर क्षेत्र के कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर मंगलवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। जोहड़ी के पास एक गदेरे में अचानक पानी और मलबा आने से एक कार बीच रास्ते में फंस गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया तथा जेसीबी मशीन की मदद से कार को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि वाहन में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण गदेरा अचानक उफान पर आ गया और उसके साथ भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही कार मलबे के बीच फंस गई। कुछ समय तक यात्री वाहन से बाहर नहीं निकल सके, जिसके बाद राहत अभियान चलाया गया।
मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी की सहायता से मलबा हटाया और कार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद कुछ समय के लिए कालसी-चकराता मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने और बारिश के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग पहले ही प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर चुका है। प्रशासन ने लोगों से बरसाती नालों, गदेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने तथा खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।



