क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन के पिता साइबर ठगी के शिकार, डॉक्टर की अपॉइंटमेंट के बहाने 3.19 लाख रुपये उड़ाए

देहरादून। भारतीय क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन के पिता आर.पी. ईश्वरन साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने डॉक्टर की ऑनलाइन अपॉइंटमेंट दिलाने के बहाने उन्हें व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजी। फाइल को इंस्टॉल करते ही ठगों ने उनके मोबाइल फोन का अनधिकृत एक्सेस हासिल कर लिया और बैंक खाते से 3.19 लाख रुपये निकाल लिए।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ऑनलाइन डॉक्टर की अपॉइंटमेंट बुक कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजी गई, जिसे उन्होंने अपॉइंटमेंट प्रक्रिया का हिस्सा समझकर डाउनलोड और इंस्टॉल कर लिया। फाइल इंस्टॉल होते ही साइबर ठगों ने उनके मोबाइल और बैंकिंग सिस्टम तक पहुंच बना ली।
इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 99,800 रुपये, 92,451 रुपये और 1,27,000 रुपये, कुल 3,19,251 रुपये निकाल लिए गए। बैंक खाते से रकम कटने का पता चलते ही आर.पी. ईश्वरन ने राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और राजपुर थाने में भी मामला दर्ज कराया।
राजपुर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फाइल या अन्य संदिग्ध लिंक डाउनलोड न करें और ऑनलाइन अपॉइंटमेंट या किसी अन्य सेवा के नाम पर आने वाले संदेशों की पहले पूरी तरह जांच कर लें।



