चमोली में सभी स्कूल बंद: भारी बारिश और आकाशीय बिजली के अलर्ट के बीच प्रशासन का बड़ा फैसला

उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी के बाद लिया गया।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
लगातार बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे सड़क संपर्क और जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक चमोली समेत उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा न करने और मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।



