मल्लिकार्जुन खरगे आज हल्द्वानी में भरेंगे चुनावी हुंकार, कुमाऊं से कांग्रेस शुरू करेगी 2027 का अभियान

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे शनिवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह खरगे का पहला हल्द्वानी दौरा है। कांग्रेस ने इस रैली के साथ उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कुमाऊं क्षेत्र से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने की तैयारी की है।
रैली को लेकर कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां की हैं। पार्टी नेताओं के अनुसार, कार्यक्रम में कुमाऊं के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है। शुक्रवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और विधायक सुमित हृदयेश ने रैली स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
रैली को लेकर पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रामलीला मैदान में प्रवेश के लिए चार गेट बनाए गए हैं। मुख्य गेट से केवल खरगे के काफिले को प्रवेश दिया जाएगा, जबकि नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए अन्य गेट निर्धारित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में तीन राजपत्रित अधिकारियों, चार इंस्पेक्टर, 65 एसआई और एएसआई समेत करीब 300 पुलिसकर्मी और दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई है।
हल्द्वानी में प्रवेश करने वाले वाहनों की भी सघन चेकिंग की जा रही है। बेलबाबा क्षेत्र में पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया है। वहीं, रैली से कुछ घंटे पहले वाहनों को रोके जाने को लेकर कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच विवाद भी हुआ। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और करन मेहरा पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंचे और धरना दिया। बाद में एसपी के आश्वासन के बाद नेता रैली स्थल लौट गए।
कांग्रेस इस रैली को कुमाऊं में संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक माहौल तैयार करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, खरगे अपने संबोधन में प्रदेश के विभिन्न राजनीतिक और जनहित के मुद्दों को उठा सकते हैं।



