उत्तराखंड मौसम: 12 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा, प्रशासन अलर्ट; लोगों से सतर्क रहने की अपील

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच अगले 24 घंटे मौसम के लिहाज से संवेदनशील बताए गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने राज्य के 12 जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में कम से मध्यम स्तर के अचानक बाढ़ के खतरे का अलर्ट जारी किया है। यह जोखिम 11 अगस्त की शाम 5:30 बजे तक रहने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल के कुछ क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का खतरा हो सकता है। निचले इलाकों में तेज बारिश के कारण सतही जल बहाव और जलभराव की स्थिति बन सकती है।
प्रशासन अलर्ट मोड पर
संभावित फ्लैश फ्लड, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव दलों को तैयार रखा गया है।



