उत्तराखंड

उत्तराखंड SIR: दावे-आपत्तियां दाखिल करने की कल अंतिम तारीख, करीब 70 हजार आपत्तियां आईं

Listen to this News

उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। दावे और आपत्तियां जमा करने की अंतिम तारीख 13 अगस्त निर्धारित की गई है। इसके बाद कोई नया दावा या आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। हालांकि, पहले से प्राप्त दावों और आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 13 सितंबर तक जारी रहेगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, प्रदेशभर में अब तक मतदाता सूची को लेकर करीब 70 हजार आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं। इसके साथ ही नए मतदाता बनने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। SIR के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता सूची में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, आपत्तियों के लिए फॉर्म-9, 10 और 11 का इस्तेमाल किया जा रहा है।

13 अगस्त तक आवेदन करने वालों का SIR में बनेगा वोट

अधिकारियों के मुताबिक, 13 अगस्त तक नए मतदाता बनने के लिए आवेदन करने वाले लोगों का वोट SIR की प्रक्रिया के दौरान ही बनाया जाएगा। इसके बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर SIR पूरा होने के बाद विचार किया जाएगा। इसलिए नए मतदाताओं के लिए 13 अगस्त की तारीख महत्वपूर्ण है।

मैदानी जिलों में सबसे ज्यादा आपत्तियां

SIR के दौरान पहाड़ी जिलों की तुलना में मैदानी क्षेत्रों में अधिक आपत्तियां सामने आई हैं। खास तौर पर ऊधमसिंह नगर जिले की जसपुर और काशीपुर समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आपत्तियां प्राप्त हुई हैं।

प्राप्त आपत्तियों के आधार पर संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। इसके बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) मामले में निर्णय लेंगे। अधिकारियों के अनुसार, यदि किसी एक व्यक्ति के नाम पर पांच से अधिक आपत्तियां आती हैं तो उसकी अलग से जांच कराई जाएगी।

प्रशासन की ओर से मतदाताओं से अपील की गई है कि यदि उन्हें मतदाता सूची में किसी प्रकार की विसंगति दिखाई देती है या वे नया वोट बनवाना चाहते हैं, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन या आपत्ति दर्ज करा दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button