उत्तराखंड

देहरादून: दृष्टिबाधित छात्रों का आंदोलन खत्म, लिखित आश्वासन मिलने के बाद माने

Listen to this News

देहरादून। राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान (NIEPVD) के मॉडल स्कूल फॉर विजुअल डिसएबिलिटीज (MSVD) के दृष्टिबाधित छात्रों का करीब दस दिन से चल रहा आंदोलन मंगलवार को समाप्त हो गया। छात्रों ने संस्थान प्रशासन की ओर से दिए गए लिखित आश्वासन का अध्ययन करने के बाद प्रदर्शन खत्म करने का फैसला लिया।

छात्र 3 अगस्त से लैपटॉप, छात्रावास, खेल मैदान और जिम समेत विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे। छात्रों का कहना था कि संस्थान में उनकी सुविधाओं और जरूरतों से जुड़े कई मुद्दों का समाधान किया जाना जरूरी है।

संस्थान प्रशासन ने दिया लिखित आश्वासन

मंगलवार को संस्थान के निदेशक डॉ. विनोद कैन ने एक वीडियो जारी कर छात्रों की मांगों को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्रों की सभी मांगों पर उच्च अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। संस्थान के अनुसार, छात्रों की मांगों को स्वीकार करते हुए समाधान की दिशा में प्रशासनिक कदम उठाए गए हैं।

कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी

संस्थान प्रशासन के मुताबिक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से छात्रों की मांगों के समाधान के लिए तत्काल कदम उठाए गए हैं। मांगों पर गंभीरता से विचार करने के बाद सक्षम प्राधिकारी की ओर से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है और इनके तहत संस्थान में कुछ सुधारात्मक बदलाव भी लागू किए जा चुके हैं।

लिखित आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपने आंदोलन को समाप्त कर दिया। संस्थान प्रशासन ने कहा कि MSVD देशभर में दृष्टिबाधित छात्रों की शिक्षा और सशक्तीकरण के क्षेत्र में अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए जाना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button