पंजाब पुलिस के 12 अधिकारी और कर्मचारी सम्मानित, स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति पुलिस पदक की घोषणा

स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर पंजाब पुलिस के 12 अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से सेवा में उत्कृष्ट योगदान और सराहनीय कार्य के लिए इन नामों की घोषणा की गई है।
इनमें एक अधिकारी को राष्ट्रपति पदक फॉर डिस्टींग्विश्ड सर्विस (PSM) के लिए चुना गया है। वहीं, अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (MSM) से सम्मानित किया जाएगा। ये पदक पुलिस सेवा में उल्लेखनीय योगदान, कर्तव्य के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए दिए जाते हैं।
इन अधिकारियों के नाम शामिल
राष्ट्रपति पदक फॉर डिस्टींग्विश्ड सर्विस के लिए पंजाब के इंस्पेक्टर बलजीत सिंह का चयन हुआ है।
वहीं, मेरिटोरियस सर्विस मेडल पाने वालों में इंस्पेक्टर जनरल बाबू लाल मीणा, इंस्पेक्टर जनरल एस. भूपति, डीएसपी सुभाष चंद, डीएसपी जसवीर सिंह, डीएसपी करनैल सिंह, डीएसपी संजीव कुमार, एसीपी गगनदीप सिंह, एएसआई निर्मल सिंह, इंस्पेक्टर निर्मल सिंह, इंस्पेक्टर रशपाल सिंह और एसपी नवरीत सिंह विर्क शामिल हैं।
इन पदकों की घोषणा स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभर के पुलिस, अग्निशमन, होम गार्ड एवं सिविल डिफेंस और सुधार सेवाओं के कर्मियों के लिए की गई है। इस वर्ष कुल 1,057 कर्मियों को विभिन्न वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित किया जा रहा है, जिनमें 92 को राष्ट्रपति पदक फॉर डिस्टींग्विश्ड सर्विस दिया जाएगा।
पंजाब पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को मिले ये सम्मान उनके लंबे समय से किए जा रहे कर्तव्यनिष्ठ और सराहनीय कार्यों की पहचान के तौर पर देखे जा रहे हैं।



