चमोली: वसुंधरा वाटरफॉल के पास बढ़े नदी के जलस्तर में फंसा कानपुर का पर्यटक, पुलिस-SDRF ने सुरक्षित निकाला

चमोली। बदरीनाथ धाम दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंचे कानपुर के एक पर्यटक के लिए वसुंधरा वाटरफॉल के पास घूमना उस समय मुश्किल हो गया, जब अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया। पानी बढ़ने के कारण पर्यटक नदी के दूसरी ओर फंस गया और वापस लौटने का रास्ता बंद हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय युवाओं की मदद से पर्यटक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, पर्यटक वसुंधरा वाटरफॉल से आगे घूमने गया था। इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे वह दूसरी ओर फंस गया। स्थिति की जानकारी होटल व्यवसायी मंदीप भंडारी ने थाना श्री बदरीनाथ के हेड कांस्टेबल चंदन नगरकोटी को दी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई।
स्थानीय युवाओं ने संभाला मोर्चा
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय युवाओं ने राहत कार्य शुरू कर दिया। मोहित बिष्ट, किशन बिष्ट, नितिन, सौरभ भंडारी, अंशु बिष्ट, धीरेन्द्र, सोनू और मोहित रावत समेत अन्य युवाओं ने पर्यटक की मदद के लिए मोर्चा संभाला।
स्थानीय युवाओं ने लकड़ियों की मदद से नदी पर अस्थायी पुल बनाने का प्रयास किया। साथ ही नदी के दूसरी ओर फंसे पर्यटक तक खाने-पीने की सामग्री भी पहुंचाई गई।
पुलिस-SDRF ने सुरक्षित निकाला
मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय युवाओं के साथ समन्वय कर रेस्क्यू अभियान चलाया। संयुक्त प्रयास से पर्यटक को सुरक्षित नदी के इस पार लाया गया। इसके बाद उसे सकुशल कोतवाली श्री बदरीनाथ पहुंचाया गया।
स्थानीय युवाओं की तत्परता और पुलिस-एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई के चलते पर्यटक को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।



