चमोली: उर्गम घाटी में कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भारी भूस्खलन, श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित

ज्योतिर्मठ: उत्तराखंड के चमोली जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच उर्गम घाटी में स्थित पांचवें केदार भगवान कल्पेश्वर महादेव मंदिर के पास भारी भूस्खलन हुआ है। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा आने के बाद मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र प्रभावित हुआ है।
भूस्खलन के कारण मंदिर तक पहुंचने वाला रास्ता मलबे से पट गया है। इससे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है और फिलहाल श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए नहीं पहुंच पा रहे हैं। रास्ते को साफ करने के बाद ही मंदिर तक आवाजाही सुचारु होने की उम्मीद है।
लगातार बारिश के चलते उर्गम घाटी में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
प्रदेश में 91 सड़कें बंद
बारिश और भूस्खलन का असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, प्रदेश में दो राज्यमार्ग समेत 91 सड़कें बंद हैं। इनमें चमोली जिले की 15 सड़कें शामिल हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा में पांच, बागेश्वर में 12, चंपावत में एक, देहरादून में सात, नैनीताल में 12, पौड़ी में पांच, पिथौरागढ़ में 11, रुद्रप्रयाग में सात तथा टिहरी और उत्तरकाशी में आठ-आठ मार्ग बंद हैं।
बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।



