चमोली सुरंग हादसा: टीएचडीसी टनल में एक और श्रमिक का शव मिला, मृतकों की संख्या नौ; एक की तलाश जारी

चमोली: पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता श्रमिकों की तलाश जारी है। मंगलवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और श्रमिक का शव बरामद किया गया। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। बरामद शव को जिला चिकित्सालय, गोपेश्वर भेज दिया गया है।
हादसे के बाद से ही सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों को तलाशने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब एक श्रमिक अभी भी लापता है। उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चला रही हैं।
टनल से पानी और मलबा हटाने का काम जारी
रेस्क्यू अभियान को तेज करने के लिए सुरंग के अंदर जमा स्लज यानी कीचड़ और मलबे को लगातार हटाया जा रहा है। इसके साथ ही टनल में जमा पानी की निकासी भी की जा रही है। इसके लिए सक्शन पंप समेत अन्य जरूरी उपकरणों की मदद ली जा रही है।
पानी और मलबा हटने से रेस्क्यू टीमों के लिए सुरंग के अंदर आवाजाही आसान हो रही है और उन स्थानों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है, जहां लापता श्रमिक के होने की संभावना है।
SDRF-NDRF समेत कई टीमें जुटीं
लापता श्रमिक की तलाश के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF, NDRF और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन एवं उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
रेस्क्यू टीमों की प्राथमिकता अब टनल के अंदर बचे एकमात्र लापता श्रमिक तक पहुंचना है। इसके लिए सभी संभावित स्थानों पर बारीकी से तलाशी ली जा रही है और अभियान को युद्धस्तर पर जारी रखा गया है।



