उत्तराखंड

उत्तराखंड: खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियां तेज, 1 सितंबर से 30 अक्तूबर तक होंगे मुकाबले

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड में खेल महाकुंभ-2026 मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत होने वाले खेल महाकुंभ की विस्तृत रूपरेखा और कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस बार प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत, विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर तक होंगी। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी और 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, राज्य स्तर की मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 10 सितंबर से 30 अक्तूबर तक चलेंगी।

अंडर-14 और अंडर-19 खिलाड़ियों को मिलेगा मौका

न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विधानसभा स्तर पर वॉलीबाल और पिट्टू समेत विभिन्न खेलों में मुकाबले होंगे। कुछ प्रतियोगिताओं के लिए न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी आगे प्रतिभाग करेंगे।

संसदीय क्षेत्र स्तर पर मलखंब, रस्साकसी, गोली (कंचा), फुटबॉल और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विधानसभा स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को भी इन प्रतियोगिताओं में आगे खेलने का अवसर मिलेगा।

राज्य स्तर पर कई खेलों में होगी प्रतिस्पर्धा

राज्य स्तर पर जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कराटे, बास्केटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल, योगासन, तैराकी, तीरंदाजी, फेंसिंग, कुश्ती, पेंचक सिलाट, पावरलिफ्टिंग, वेटलिफ्टिंग, बेसबॉल और लॉन टेनिस समेत कई खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

इसके अलावा महिला ओपन और दिव्यांगजन महिला एवं पुरुष ओपन वर्ग के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताएं निर्धारित की गई हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button