चमोली सुरंग हादसा: घायल एक और श्रमिक की मौत, मृतकों की संख्या 11

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन टीएचडीसी की पीपलकोटी-विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में घायल एक और श्रमिक की मौत हो गई। श्रमिक ने एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
यह हादसा 13 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे निर्माणाधीन सुरंग के अंदर हुआ था। भारी भूस्खलन और पहाड़ी से पानी के रिसाव के कारण सुरंग में मलबा और पानी भर गया था, जिससे कुल 22 श्रमिक अंदर फंस गए थे।
हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने 12 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर भेजा था। वहीं, सुरंग के अंदर फंसे श्रमिकों की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों ने लगातार अभियान चलाया।
करीब 117 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सुरंग से मलबा और पानी निकालने के लिए पंपों और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। मंगलवार को दो लापता श्रमिकों के शव भी बरामद किए गए थे।
हादसे के बाद सुरंग में फंसी मशीनों को बाहर निकालने और मलबे के बीच तलाशी अभियान चलाने में बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अब एक घायल श्रमिक की इलाज के दौरान मौत के बाद हादसे की गंभीरता और बढ़ गई है।
घटना को लेकर प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, पहाड़ों में बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं और निर्माण कार्यों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।



