उत्तराखंड

विकासनगर: शक्ति नहर में समाई कार, वीडियो सामने आने के बाद SDRF ने शुरू किया सर्च अभियान

Listen to this News

विकासनगर (देहरादून): मंगलवार देर रात विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में एक कार के शक्ति नहर में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कार की तलाश शुरू की। अभी तक कार का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। वहीं, डाकपत्थर क्षेत्र से एक युवक के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, डाकपत्थर से विकासनगर की ओर आ रही कार पुल नंबर दो के पास अनियंत्रित होकर शक्ति नहर में गिर गई। मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ टीम को नहर में कार दिखाई नहीं दी। हालांकि, घटनास्थल पर पत्थरों और झाड़ियों पर रगड़ के निशान मिले। साथ ही कार के बोनट का एक छोटा हिस्सा भी मौके से बरामद हुआ।

नहर में डूबती कार का वीडियो आया सामने

इसी दौरान एक व्यक्ति ने पुलिस को नहर में डूबती कार का वीडियो दिखाया। रात में अंधेरा होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को कार का पता लगाने में सफलता नहीं मिली। इसके बाद बुधवार सुबह टीम ने नहर में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया।

कार में कितने लोग थे, जानकारी नहीं

फिलहाल कार में कितने लोग सवार थे, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस को कार या उसमें सवार लोगों के बारे में अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। दूसरी ओर, डाकपत्थर क्षेत्र से एक युवक के रात से लापता होने की सूचना मिली है। पुलिस उसके परिजनों से जानकारी जुटा रही है।

सीओ विवेक कुटियाल ने बताया कि नहर में एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी है। साथ ही लापता युवक के संबंध में भी परिजनों से जानकारी ली जा रही है। कार और उसमें सवार लोगों का पता लगाने के लिए तलाश अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button