अलास्का में बड़ा विमान हादसा, आठ लोगों को ले जा रहा चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त

अलास्का: अमेरिका के पश्चिमी अलास्का में गुरुवार को एक चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट समेत कुल आठ लोग सवार थे। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार हादसे में विमान में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई।
यह हादसा पश्चिमी अलास्का के एक दूरदराज रडार साइट के पास हुआ। विमान ने एंकोरेज से उड़ान भरी थी और केप न्यूएनहम स्थित लॉन्ग रेंज रडार साइट की ओर जा रहा था। इसी दौरान गंतव्य के पास पहुंचते समय विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह स्थान एंकोरेज से करीब 450 मील पश्चिम में स्थित है।
विमान में दो पायलट और छह यात्री थे
नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के अनुसार विमान में दो पायलट और छह यात्री सवार थे। विमान एक नागरिक अनुबंधित चार्टर्ड विमान था। हादसे के बाद बचाव और खोज अभियान चलाया गया, जिसमें कोई भी जीवित नहीं मिला।
हादसे की जांच शुरू
अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। NTSB और अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रहे हैं। फिलहाल विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सटीक वजह सामने नहीं आई है। मृतकों की पहचान उनके परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद जारी की जाएगी।
अलास्का कमांड ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और राहत एवं खोज अभियान में जुटी टीमों के प्रयासों की सराहना की है।



