जयपुर में स्कूल निरीक्षण को लेकर विवाद, CJP कार्यकर्ताओं को लोगों ने खदेड़ा; रांका ने BJP पर लगाया आरोप

जयपुर: राजस्थान के जयपुर में सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। रामपुरा-कंवरपुरा गांव में स्कूल का जायजा लेने पहुंचे CJP कार्यकर्ताओं को लोगों ने कथित तौर पर वहां से खदेड़ दिया। CJP ने इस दौरान मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है।
CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका के अनुसार, पार्टी की टीम ग्रामीण सरकारी स्कूलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत पहुंची थी। इसी दौरान विवाद हो गया। CJP संस्थापक अभिजीत डिपके ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और उनकी गाड़ी का शीशा भी तोड़ा गया। उन्होंने घटना के लिए कथित तौर पर भाजपा से जुड़े लोगों को जिम्मेदार ठहराया और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
ग्रामीणों ने आरोपों से किया इनकार
घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने CJP के आरोपों से इनकार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रामीणों ने CJP की टीम को स्कूल परिसर में जाने से रोक दिया था। इसके बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
जर्जर स्कूलों के निरीक्षण का चला रहा अभियान
CJP की ओर से राजस्थान में सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति को लेकर ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चलाया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि उसे प्रदेश के कई जिलों से जर्जर और असुरक्षित स्कूलों की शिकायतें मिली हैं। इसी के तहत टीम अलग-अलग जिलों में स्कूलों का निरीक्षण कर संबंधित समस्याओं को सामने रखने का प्रयास कर रही है।
इस घटना के बाद जयपुर में CJP और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों के बीच घटना की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



