देहरादून: पटेलनगर गोलीकांड में दोनों पक्षों पर केस, 11 युवक नामजद; चार गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में साहिल नामक युवक गोली लगने से घायल हुआ था, जिसका उपचार महंत इंदिरेश अस्पताल में कराया गया।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि पटेलनगर क्षेत्र में स्विफ्ट कार सवार युवकों ने फायरिंग की है और एक युवक घायल हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की गई।
जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और उनके वाहन में तोड़फोड़ की। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से फायरिंग की गई। पुलिस के अनुसार, फायरिंग की दो घटनाओं में से एक में साहिल घायल हुआ।
पुलिस ने मामले में सुजल पाल, आदित्य मलिक, अंशुल और आर्यन को गिरफ्तार किया है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर हुई फायरिंग और हिंसा से लोगों में दहशत फैल गई थी। मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



