बेतिया: तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत; चालक वाहन छोड़कर फरार

पश्चिम चंपारण के बेतिया में मझौलिया थाना क्षेत्र के सरिसवा-पिपरपाती मार्ग पर देर रात तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, तीन युवक बाइक से मछली पकड़कर लौट रहे थे। इसी दौरान सरिसवा-पिपरपाती मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।



