उत्तराखंड

रुड़की: ढाबे पर चार नकाबपोश बदमाशों ने की फायरिंग, संचालक का बेटा बाल-बाल बचा; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Listen to this News

रुड़की के पिरान कलियर क्षेत्र में रविवार देर रात एक ढाबे पर चार नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान ढाबे पर मौजूद संचालक का बेटा बाल-बाल बच गया। गोली के छर्रे ढाबे की दीवार में जा धंसे। पूरी घटना ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

जानकारी के मुताबिक, भगवानपुर बाईपास मार्ग पर बेड़पुर चौक के पास इदरीस का ढाबा है। रविवार रात इदरीस ढाबे के एक कमरे में सो रहा था, जबकि उसका बेटा सोएब ढाबे पर मौजूद था। रात करीब दो बजे चार नकाबपोश बदमाश दो बाइकों से वहां पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक ढाबे से कुछ दूरी पर खड़ी की और इसके बाद ढाबे पर पहुंचकर सोएब को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। सोएब और वहां मौजूद अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान गोली के छर्रे ढाबे की दीवार में जा लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों को चिन्हित कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button