उत्तरकाशी: चीनी-गुड़ के बढ़ते दामों ने बिगाड़ा रसोई का बजट, दो हफ्ते में 21 रुपये तक बढ़े भाव

उत्तरकाशी: रोजमर्रा की जरूरत में शामिल चीनी और गुड़ की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। बड़कोट बाजार में पिछले दो सप्ताह में चीनी के दाम 45 रुपये से बढ़कर 66 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। वहीं गुड़ की कीमत भी 60 रुपये से बढ़कर 75 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।
चीनी के भाव में दो सप्ताह के भीतर 21 रुपये और गुड़ में 15 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। अचानक बढ़ी कीमतों का सीधा असर लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है।
स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक बाजार में चीनी और गुड़ के दाम लगातार बदल रहे हैं। एक-दो रुपये की बढ़ोतरी हर दो-तीन दिन में देखने को मिल रही है। इससे दुकानदारों के साथ ग्राहकों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
व्यापारियों को आशंका है कि आने वाले दिनों में दोनों उत्पादों के दाम और बढ़ सकते हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी से पहले से दबाव झेल रहे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
वहीं, खाद्य तेल के दामों में भी मामूली बढ़ोतरी बताई जा रही है, हालांकि अन्य प्रमुख खाद्य वस्तुओं की कीमतें फिलहाल सामान्य बनी हुई हैं।



