यमुनोत्री धाम में कचरे का अंबार, जगह-जगह खुले में लगे गंदगी के ढेर

उत्तरकाशी: प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम में यात्रा सीजन के दौरान जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। यमुना नदी के किनारे और धाम के आसपास खुले में बिखरा कचरा साफ दिखाई दे रहा है। श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के बावजूद कूड़ा उठान और नियमित निस्तारण की ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है।
जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों कुछ कूड़े को खच्चरों के माध्यम से जानकीचट्टी तक पहुंचाया गया था, लेकिन धाम में कई स्थानों पर कचरे के ढेर अब भी मौजूद हैं। यमुना किनारे जमा गंदगी से नदी के प्रदूषित होने का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों ने धाम में प्रभावी और नियमित कचरा प्रबंधन व्यवस्था लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि यात्रा सीजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
यमुनोत्री मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने भी स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने दूसरे चरण की यात्रा शुरू होने से पहले धाम और यमुना किनारे जमा कचरे को तत्काल हटाने की मांग की। साथ ही, नियमित निगरानी और स्थायी कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया।
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक और पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण यमुनोत्री धाम में स्वच्छता व्यवस्था केवल दावों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। कूड़े का समय पर उठान और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।



