उत्तराखंड

देहरादून: अग्निवीरों के लिए समर्पित सेल बनाने पर कर्नल कोठियाल ने सीएम धामी का जताया आभार

Listen to this News

देहरादून: कर्नल अजय कोठियाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अग्निवीरों के भविष्य को लेकर धामी कैबिनेट के फैसले की सराहना की और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों के लिए समर्पित सेल का गठन किया जाना युवाओं के भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कैबिनेट के फैसले के तहत अग्निवीरों के लिए समर्पित सेल बनाया जाएगा, जिसके लिए छह पदों का सृजन किया गया है। यह सेल सेना से सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को रोजगार और आगे के अवसरों के लिए मार्गदर्शन देने का काम करेगा।

31 दिसंबर से लौटने वाले अग्निवीरों को मिलेगा लाभ

कर्नल कोठियाल ने कहा कि उत्तराखंड सैन्य बहुल राज्य है और बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होते हैं। उन्होंने बताया कि मार्च में गैरसैंण में मुख्यमंत्री धामी ने अग्निवीरों के साथ संवाद के दौरान सेवा पूरी होने के बाद उनके भविष्य को लेकर व्यवस्था बनाने की बात कही थी।

उन्होंने कहा कि जुलाई में इस संबंध में घोषणा की गई थी, जिसे अब कैबिनेट की मंजूरी के जरिए आगे बढ़ाया गया है। कर्नल कोठियाल के मुताबिक, 31 दिसंबर 2026 को सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को इस व्यवस्था से नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

सेना से लौटने वाले युवाओं के लिए रोजगार पर जोर

कर्नल कोठियाल ने कहा कि अग्निपथ योजना के तहत करीब 25 प्रतिशत युवाओं के सेना में बने रहने की संभावना होती है, जबकि बाकी युवाओं के लिए सेवा के बाद रोजगार और पुनर्वास की व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से समर्पित सेल बनाए जाने से अग्निवीरों में यह भरोसा मजबूत होगा कि सेना से लौटने के बाद भी उनके लिए रोजगार और भविष्य को लेकर प्रयास किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button