उत्तराखंड

उत्तराखंड: चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा ने बढ़ाई प्रवक्ताओं की टीम, आठ नेताओं को मिली जिम्मेदारी

Listen to this News

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपनी मीडिया टीम का विस्तार किया है। प्रदेश भाजपा ने आठ नए प्रदेश प्रवक्ताओं की घोषणा की है। इसके साथ ही पार्टी की प्रदेश स्तरीय प्रवक्ताओं की टीम में अब कुल 18 सदस्य हो गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति के बाद प्रदेश महामंत्री एवं कार्यालय प्रभारी कुंदन परिहार ने मंगलवार को नए प्रवक्ताओं के नामों की घोषणा की। नई टीम में पूर्व राज्यमंत्री व पूर्व प्रवक्ता रविंद्र जुगरान, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, कुमाऊं के पूर्व सह-मीडिया प्रभारी सुरेश तिवारी, पूर्व प्रवक्ता शादाब शम्स, वरिष्ठ पत्रकार विश्वजीत नेगी, पूर्व पैनलिस्ट सत्यवीर चौहान, युवा मोर्चा के पूर्व महामंत्री मनोज जखमोला और अनुकृति गुसाईं को शामिल किया गया है।

अनुकृति गुसाईं को पहली बार बड़ी जिम्मेदारी

नई नियुक्तियों में सबसे अधिक चर्चा अनुकृति गुसाईं की है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं को पहली बार भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह पार्टी की ओर से मीडिया के सामने भाजपा का पक्ष रखेंगी।

इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी

भाजपा की नई प्रवक्ता टीम में देहरादून महानगर से रविंद्र जुगरान और शादाब शम्स, ऊधमसिंह नगर से राजेश शुक्ला, नैनीताल से सुरेश तिवारी, कोटद्वार से अनुकृति गुसाईं और विश्वजीत नेगी, देहरादून ग्रामीण से सत्यवीर चौहान तथा ऋषिकेश से मनोज जखमोला को शामिल किया गया है।

पार्टी का यह विस्तार आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मीडिया और जनसंपर्क तंत्र को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। नए प्रवक्ताओं के जरिए भाजपा सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही विपक्ष के सवालों पर पार्टी का पक्ष रखने की जिम्मेदारी भी निभाई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button