उत्तराखंड

उत्तराखंड: हाथी पहाड़ के पास बदरीनाथ हाईवे पर 20 मीटर सड़क ध्वस्त, आठ घंटे बाद आवाजाही शुरू

Listen to this News

चमोली: लगातार बारिश के बीच बदरीनाथ हाईवे पर हाथी पहाड़ के पास भारी बोल्डर गिरने से करीब 20 मीटर सड़क ध्वस्त हो गई। सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। करीब आठ घंटे बाद हाईवे पर आवाजाही दोबारा शुरू कर दी गई।

हाथी पहाड़ के पास भारी बोल्डर गिरने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके चलते हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क खोलने के लिए संबंधित विभागों की ओर से लगातार काम किया गया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।

वहीं, मारवाड़ी चौकी से आगे क्रशर के पास भी हाईवे पर बड़े-बड़े बोल्डर आ गए हैं। यहां सड़क कई जगह से धंसने के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में भूस्खलन और सड़क धंसने का खतरा बना हुआ है।

प्रशासन और संबंधित विभाग हाईवे को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और आवश्यक कार्य कर रहे हैं। फिलहाल आवाजाही शुरू होने के बाद बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, ऐसे में संवेदनशील सड़कों पर यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button