उत्तरकाशी: भू-धंसाव से यमुनोत्री हाईवे कई जगह बाधित, धाम समेत 12 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप

उत्तरकाशी। यमुनोत्री क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई बारिश के बाद भू-धंसाव और भूस्खलन से यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर बाधित हो गया। सड़क पर मलबा और पत्थर आने से स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं के वाहन भी जगह-जगह फंस गए हैं।
भू-धंसाव के कारण 11 केवी विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे यमुनोत्री धाम सहित गीठ पट्टी के 12 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली गुल होने से क्षेत्र के लोगों और तीर्थयात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हाईवे खोलने में जुटी एनएच की टीम
हाईवे पर मलबा और पत्थर आने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम सुबह से मशीनों के साथ सड़क खोलने के काम में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, अधिक मात्रा में मलबा आने और लगातार हो रहे भू-धंसाव के कारण हाईवे बाधित हुआ है।
एनएच के अधिशासी अभियंता मनोज रावत और निर्माण कार्य एजेंसी के पीएम गोपाली श्रीनिवासुलू रेड्डी ने बताया कि हाईवे को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
लगातार बारिश और भू-धंसाव के कारण क्षेत्र में सड़क और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से स्थानीय लोगों के साथ यमुनोत्री जाने वाले श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं।



