उत्तराखंड: भरसार विवि की छात्रा मधु यादव की मौत के मामले में CMO ने शासन को भेजी जांच रिपोर्ट

पौड़ी गढ़वाल: वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार की छात्रा मधु यादव की मौत के मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी पौड़ी ने जांच रिपोर्ट शासन को भेज दी है। रिपोर्ट में छात्रा के उपचार और उसे अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों से उच्च चिकित्सा संस्थान के लिए रेफर किए जाने का विवरण दिया गया है।
चार दिन से थी बुखार की शिकायत
स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय के अनुसार, छात्रा को 29 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ में भर्ती कराया गया था। उसे इससे करीब चार दिन पहले से बुखार था। छात्रा को बुखार के साथ खांसी और जुकाम की भी शिकायत थी। स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रीति ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन रक्तचाप और पल्स में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
पाबौ से पौड़ी और फिर श्रीनगर किया गया रेफर
तबीयत में सुधार नहीं होने पर छात्रा को एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पौड़ी रेफर किया गया। वहां उसे ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया और नेबुलाइजर से उपचार किया गया। इसके बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उसे श्रीनगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
एम्स ऋषिकेश ले जाते समय हुई मौत
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में छात्रा को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने उसे एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। एम्स ले जाते समय छात्रा की मौत हो गई। मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जांच रिपोर्ट अब शासन को भेज दी गई है।
इससे पहले छात्रा की मौत के बाद विश्वविद्यालय परिसर में साथी छात्रों ने प्रदर्शन कर उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए थे।



