उत्तराखंड

उत्तराखंड: तीन मृत श्रमिकों के नाम पर आर्थिक सहायता हड़पने की कोशिश, तीन के खिलाफ FIR दर्ज

Listen to this News

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में मृत श्रमिकों के नाम पर सरकारी आर्थिक सहायता लेने के प्रयास का मामला सामने आया है। जांच में कथित फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद श्रम विभाग की ओर से तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड को मृत्यु के बाद आश्रितों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता के लिए लक्सर निवासी मेहरबान शाह, नदीम और मेनपाल के नाम से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। विभाग ने जब इन आवेदनों की जांच कराई तो पता चला कि तीनों श्रमिकों की काफी समय पहले ही मृत्यु हो चुकी है।

फर्जी दस्तावेजों के जरिए आवेदन का आरोप

जांच के दौरान सामने आया कि मृत श्रमिकों के नाम पर उनके परिजनों की ओर से कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया गया था। हैरानी की बात यह भी सामने आई कि ग्राम पंचायत के मृत्यु संबंधी अभिलेखों में इन तीनों के नाम दर्ज नहीं थे।

तीन आश्रितों के खिलाफ मुकदमा

उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार के अनुसार, बोर्ड के सचिव की ओर से मेहरबान शाह, नदीम और मेनपाल के कथित आश्रितों शहरून, अंजुम और बेबी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले की जांच आगे जारी है।

बोर्ड के सचिव प्रकाश चंद्र दुम्का ने कहा कि भविष्य में इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। मृत श्रमिकों के नाम पर सरकारी सहायता हासिल करने की कोशिश के इस मामले ने विभागीय प्रक्रिया और सत्यापन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button