देहरादून: एमडीडीए कॉलोनी में दिनदहाड़े महिला की हत्या, हाथ से गायब मिला सोने का कंगन; जांच में जुटी पुलिस

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र की एमडीडीए कॉलोनी में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर एक बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी गई। घटना के समय महिला घर में अकेली थीं। उनके हाथ से सोने का कंगन गायब मिलने के बाद परिजनों ने लूट के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रेखा बंसल (70) के रूप में हुई है। उनके पति दिनेश बंसल डिस्पेंसरी रोड पर किताबों की दुकान चलाते हैं। बताया गया कि घटना के समय वह दुकान पर थे, जबकि रेखा घर में अकेली थीं। शाम के समय परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना करीब सवा चार बजे की बताई जा रही है।
चेहरे पर मिले खरोंच के निशान
महिला के चेहरे पर खरोंच के निशान भी मिले हैं। हाथ में पहना सोने का कंगन गायब होने के कारण परिजनों ने लूट की आशंका जताई है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल समेत रायपुर और डालनवाला थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए। टीम ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की।
मृतका के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना के समय क्षेत्र में मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
लूट समेत कई पहलुओं पर जांच
पुलिस हत्या के पीछे लूट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। दिनदहाड़े कॉलोनी में हुई हत्या की वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
एसपी देहात जया बलोनी ने बताया कि पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।



