विकासनगर: आवारा कुत्ते ने 11 वर्षीय बच्चे पर किया हमला, पैर बुरी तरह नोचा; चीख सुनकर लोगों ने बचाया

विकासनगर (देहरादून)। विकासनगर की भगत सिंह कॉलोनी में आवारा कुत्ते के हमले से 11 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय बच्चा कॉलोनी में अन्य बच्चों के साथ बाहर खेल रहा था। अचानक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया और उसके पैर को बुरी तरह नोच डाला। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग और मजदूर मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे कुत्ते से बचाया।
खेलते समय अचानक कुत्ते ने बोला हमला
घटना 31 अगस्त की शाम करीब पांच बजे नगर पालिका क्षेत्र के केसर बाग वार्ड स्थित भगत सिंह कॉलोनी में हुई। 11 वर्षीय दक्ष डोभाल कॉलोनी में खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। हमले में बच्चा लहूलुहान हो गया और उसके पैर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को कुत्ते से छुड़ाया गया। इसके बाद घायल दक्ष को धूलकोट स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। घटना के बाद से कॉलोनी में बच्चों और अभिभावकों में डर का माहौल है।
कई लोगों को काट चुके हैं आवारा कुत्ते
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में पिछले कई महीनों से आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। गली-मोहल्लों में कुत्तों के झुंड घूमने से बच्चों के स्कूल और ट्यूशन जाने को लेकर अभिभावक चिंतित हैं।
अभिभावकों के मुताबिक, हाल के दिनों में करीब छह लोगों को आवारा कुत्ते काट चुके हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका से मौखिक शिकायत भी की गई, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
बधियाकरण और टीकाकरण का काम जारी
स्थानीय अभिभावकों ने आवारा कुत्तों से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि केवल बधियाकरण और टीकाकरण से काम नहीं चलेगा, बल्कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है।
विकासनगर के नगर पालिकाध्यक्ष धीरज बॉबी नौटियाल ने कहा कि नगर पालिका की ओर से आवारा कुत्तों के बधियाकरण और टीकाकरण का कार्य कराया जा रहा है। भगत सिंह कॉलोनी में बच्चे पर हुए हमले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए समस्या का समाधान प्राथमिकता से कराया जाएगा।



