रुड़की: स्कूल की छुट्टी के बाद लापता हुआ 14 वर्षीय छात्र, रवासन नदी किनारे मिला शव

रुड़की: स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौटते समय लापता हुए 14 वर्षीय छात्र का शव शुक्रवार को ढंडियानवाला में रवासन नदी के किनारे मिला। छात्र की तलाश में परिवार और ग्रामीण देर रात तक जुटे रहे थे। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचा था आर्यन
रसूलपुर निवासी 14 वर्षीय आर्यन भट्ट पुत्र मंगलेश भट्ट कक्षा नौ में पढ़ता था। बृहस्पतिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह घर के लिए निकला, लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात तक आसपास के क्षेत्रों और नदी के किनारे खोजबीन की गई, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिला।
सीसीटीवी में मंदिर की ओर जाता दिखा था
जानकारी के अनुसार, स्कूल से निकलने के बाद आर्यन मां काली मंदिर की ओर जाता हुआ दिखाई दिया था। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में उसकी मौजूदगी सामने आई। यह रास्ता रवासन नदी के बीच से होकर रसूलपुर गांव की ओर जाता है। नदी का जलस्तर बढ़ा होने के कारण परिजनों और ग्रामीणों को आशंका थी कि कहीं छात्र नदी की चपेट में तो नहीं आ गया।
शुक्रवार को नदी किनारे मिला शव
शुक्रवार तड़के परिजनों और ग्रामीणों ने दोबारा छात्र की तलाश शुरू की। इसी दौरान ढंडियानवाला में रवासन नदी के किनारे आर्यन का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो बहनों का इकलौता भाई था आर्यन
आर्यन अपने परिवार में दो बहनों का इकलौता भाई था। उसके पिता वन विभाग में दैनिक श्रमिक के रूप में कार्य करते हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। लालढांग चौकी प्रभारी गगन मैठाणी ने बताया कि नदी किनारे शव मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



