हरिद्वार में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, दो किशोरों की मौत

हरिद्वार के श्यामपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांगड़ी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 16 वर्षीय कार्तिक अग्रवाल, निवासी काली कमली हवेली हरकी पैड़ी, और 14 वर्षीय कृष्णा राजपूत, निवासी शिवनगर रानी गली, हरिद्वार के रूप में हुई है। दोनों किशोर स्कूटी से श्यामपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कांगड़ी फ्लाईओवर पर बिजनौर की तरफ से आ रही कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार को बिना बताए स्कूटी लेकर निकले थे किशोर
जांच में सामने आया कि कार्तिक के पिता ने करीब दो सप्ताह पहले ही नई स्कूटी खरीदी थी। रविवार को कार्तिक अपने दोस्त कृष्णा के साथ परिवार को बिना बताए स्कूटी लेकर घूमने निकल गया था। हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



