उत्तराखंड

चमोली: खेत में काम कर रहे ग्रामीण पर भालू ने किया हमला, गंभीर घायल; कुर्सी के सहारे सड़क तक पहुंचाया

Listen to this News

चमोली: जिले के दूरस्थ कलगोठ गांव में सोमवार को खेत में काम कर रहे एक ग्रामीण पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। गांव में सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने घायल को कुर्सी के सहारे सड़क तक पहुंचाया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया।

खेत में काम करते समय अचानक सामने आया भालू

कलगोठ गांव निवासी वीरेंद्र सिंह (48) पुत्र शेर सिंह सोमवार सुबह करीब 11 बजे गांव से लगभग एक किलोमीटर ऊपर खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। वीरेंद्र के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और शोर मचाया।

ग्रामीणों के शोर मचाने पर भालू वहां से भाग गया, लेकिन तब तक वीरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।

कुर्सी के सहारे सड़क तक पहुंचाया

घायल ग्रामीण को ग्रामीणों ने कुर्सी के सहारे गांव से सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद वाहन से उन्हें जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

ग्रामीणों में दहशत, गश्त बढ़ाने की मांग

ग्राम प्रधान सहदेव सिंह ने बताया कि भालू के हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खेतों में जाने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू से निजात दिलाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button