देहरादून: कुमारी सैलजा ने कांग्रेस पदाधिकारियों संग की बैठक, बोलीं- भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उठाएं बुलंद आवाज

देहरादून में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी मौजूद रहे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कुमारी सैलजा ने कांग्रेस पदाधिकारियों से कहा कि पार्टी के सभी संगठन, विभाग और प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर जनता के बीच जाएं। उन्होंने सभी अध्यक्षों को जल्द अपनी-अपनी कार्यकारिणी गठित करने और प्रदेशभर में व्यापक दौरा कर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच मजबूती से आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझकर उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
चुनाव की तैयारियों में जुटने के निर्देश
फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों की बैठक के बाद कुमारी सैलजा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों के साथ भी बैठक की। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस को मजबूती से जनता की आवाज बनना होगा। उन्होंने कहा कि आम जनता, युवा, किसान, मजदूर, महिलाएं और गरीब वर्ग कई समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ जाती है।
सैलजा ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी जल्द ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त करेगी। उन्होंने प्रभारियों से वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन को एकजुट करने और आगामी चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने को कहा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। उन्होंने पदाधिकारियों से निष्ठा और अनुशासन के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया। साथ ही गांव-गांव, बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करने तथा कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।



