उत्तराखंड SIR: यूपी की वोटर लिस्ट से होगा मिलान, दोहरे मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस

देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत अब राज्य के मतदाताओं का पहली बार उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची से भी मिलान किया जाएगा। जिन मतदाताओं का नाम उत्तराखंड और यूपी दोनों की वोटर लिस्ट में पाया जाएगा, उन्हें चुनाव आयोग की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा।
चुनाव आयोग ने उत्तराखंड में डेमोग्राफिकल सिमिलर एंट्री (DSE) और फोटोग्राफिकल सिमिलर एंट्री (PSE) की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत दोनों राज्यों की मतदाता सूचियों में समान प्रविष्टियों की जांच की जाएगी। नाम, उम्र और लिंग समेत पांच मानकों के आधार पर मतदाताओं का मिलान किया जाएगा।
यदि किसी मतदाता की एंट्री दोनों राज्यों की सूची में समान पाई जाती है, तो उसकी फोटो का भी मिलान किया जाएगा। इसके बाद संबंधित मतदाता को नोटिस भेजकर पूछा जाएगा कि वह उत्तराखंड या उत्तर प्रदेश में से किस राज्य की मतदाता सूची में अपना नाम रखना चाहता है। मतदाता की इच्छा के अनुसार दूसरे राज्य की सूची से उसका नाम हटाया जाएगा।
ऊधमसिंह नगर में सबसे ज्यादा आपत्तियां
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, 14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच प्रदेशभर में मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर फॉर्म-7 के तहत 1,30,382 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनमें सबसे अधिक 43,878 आपत्तियां ऊधमसिंह नगर से आईं। इसके बाद हरिद्वार में 29,369, देहरादून में 19,402 और नैनीताल में 18,301 आपत्तियां दर्ज की गईं।
वहीं, मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के तहत प्रदेशभर में 1,37,146 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें देहरादून 42,773 आवेदनों के साथ सबसे आगे रहा, जबकि हरिद्वार में 28,695, नैनीताल में 13,804 और ऊधमसिंह नगर में 11,927 आवेदन आए।
10 जिलों में नोटिस का निपटारा पूरा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार, उत्तराखंड के 10 जिलों में जारी किए गए नोटिसों का निपटारा 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कुछ नोटिसों का निस्तारण अभी बाकी है। देहरादून में 5,48,094, हरिद्वार में 4,82,810, ऊधमसिंह नगर में 4,46,615, नैनीताल में 2,35,307 और टिहरी में 1,17,501 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे।



