उत्तराखंड

गढ़वाल विवि छात्रसंघ चुनाव: हिमांशु भंडारी अध्यक्ष निर्वाचित, एनएसयूआई के मयंक बहुगुणा ने सचिव पद पर दर्ज की जीत

Listen to this News

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव के परिणाम शुक्रवार देर शाम घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर जय हो ग्रुप के हिमांशु भंडारी ने जीत दर्ज की। वहीं सचिव पद पर एनएसयूआई के मयंक बहुगुणा विजयी रहे।

अध्यक्ष पद पर हिमांशु भंडारी की जीत

बिड़ला परिसर में सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद मतगणना शुरू की गई, जिसके परिणाम देर शाम जारी हुए।

अध्यक्ष पद पर जय हो ग्रुप के हिमांशु भंडारी को 3301 मत मिले। उन्होंने एबीवीपी के भुवन चमोली को हराया, जिन्हें 1796 मत प्राप्त हुए।

उपाध्यक्ष और सचिव पद के नतीजे

उपाध्यक्ष पद पर छात्रम संगठन के पुलकित अग्रवाल ने जीत हासिल की। उन्हें 2991 मत मिले, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रीति वर्मा को 2046 मत प्राप्त हुए।

सचिव पद पर एनएसयूआई के मयंक बहुगुणा ने 2708 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी पंकज को 2375 मत मिले।

सह-सचिव पद पर अमन कुनियाल विजयी रहे। उन्हें 1694 मत मिले, जबकि रनर रहीं निशा को 1652 मत प्राप्त हुए।

कोषाध्यक्ष पद पर रामस्वरूप का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर आइसा के युवराज ने 2979 मत हासिल कर जीत दर्ज की। छात्रा प्रतिनिधि पद पर सुनिधि सिंह विजयी रहीं, जिन्हें 2105 मत मिले।

8776 मतदाताओं में से पांच हजार से अधिक ने किया मतदान

गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए कुल 8776 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से पांच हजार से अधिक छात्रों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान छात्राओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

चुनाव के दौरान परिसर के मुख्य गेट पर छात्र संगठनों के समर्थक नारेबाजी करते रहे। इससे एनएच पर कई बार जाम की स्थिति बनी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

शनिवार को होगा शपथ ग्रहण समारोह

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एमसी सती ने बताया कि नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार सुबह 11 बजे एसीएल हॉल में आयोजित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button