रुड़की: गणेश चतुर्थी मेले में युवक ने चाकू से काटी गर्दन, गंभीर हालत में एम्स रेफर

रुड़की: गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को गणेशपुर क्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मेले में चाकू खरीदने के बाद किया वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने मेले में लगी एक दुकान से करीब दस रुपये का चाकू खरीदा था। कुछ देर बाद उसने अचानक अपनी गर्दन पर वार कर लिया। घायल होकर सड़क पर गिरने के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने सिविल अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की हालत नाजुक देखते हुए पुलिस ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपने वाहन से उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, घायल ने अपना नाम अरमान और पता मजदूर बस्ती, दिल्ली बताया है।
एम्स रेफर, कारण स्पष्ट नहीं
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जांच की। प्रारंभिक परीक्षण में गर्दन की श्वास नली और प्रमुख नसों को गंभीर क्षति नहीं होने की बात सामने आई। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण युवक को बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर कर दिया गया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



