देश

घर से सात बच्चों और ननद को लेकर बहू फरार, खगड़िया पुलिस तलाश में जुटी

Listen to this News

खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र के टेम्हा बन्नी गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बहू अपने संयुक्त परिवार के नौ सदस्यों को साथ लेकर घर से फरार हो गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है और परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं।

13 सितंबर को घर से निकली महिला

परिवार के मुखिया गोरख शर्मा ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी बड़ी बहू सुलेखा देवी 13 सितंबर को दिन करीब 11 बजे परिवार के नौ सदस्यों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। इसके बाद से सभी का कोई पता नहीं चल सका है।

लापता लोगों में सात बच्चे-किशोर, दो माह का एक नवजात शिशु और 28 वर्षीय युवती शामिल हैं। महिला का पति हैदराबाद में मजदूरी करता है।

मोबाइल कभी ऑन, कभी ऑफ

परिजनों के अनुसार, सुलेखा देवी का मोबाइल कभी ऑन तो कभी ऑफ मिल रहा है। उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के गांवों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

शिकायत में महिला के किसी बाहरी व्यक्ति या गिरोह के संपर्क में होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि पुलिस मामले को पारिवारिक विवाद और गुमशुदगी के एंगल से भी जांच रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

महेशखूंट थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। महिला के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया जा रहा है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button