सीएम धामी ने पीएम मोदी को जन्मदिन पर लिखा पत्र, कहा- राष्ट्र निर्माता मोदी जी, शतायु हों

हरादून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं। पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री को ‘राष्ट्र-शिल्पी’ बताते हुए उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।
पीएम मोदी की कार्यशैली और योगदान का किया उल्लेख
सीएम धामी ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संघर्ष, नेतृत्व और देश के विकास में योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। पत्र में उन्होंने भगवद्गीता के कर्मयोग के संदेश का भी उल्लेख किया।
उत्तराखंड के विकास का भी जिक्र
मुख्यमंत्री ने पत्र में उत्तराखंड के विकास और प्रधानमंत्री के राज्य के प्रति विशेष लगाव का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के उस कथन को भी याद किया कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा।
17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान
सीएम धामी ने बताया कि प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन के अवसर पर उत्तराखंड सरकार 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत स्वास्थ्य शिविर, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर, ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पत्र के अंत में प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए लिखा—‘जीवेम शरदः शतम्’।



