सोनभद्र: टायर में हवा भरते समय रिम छटकने से पंचर मिस्त्री की मौत

सोनभद्र के डाला क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम टायर में हवा भरते समय हुए हादसे में पंचर मिस्त्री की मौत हो गई। हादसा डाला चढ़ाई स्थित बंद खनिज बैरियर के पास एक पंचर की दुकान पर हुआ।
जानकारी के अनुसार, डाला चढ़ाई निवासी 23 वर्षीय आरिफ एक हाईवा वाहन के नए टायर में हवा भर रहा था। इसी दौरान अचानक टायर का रिम छटक गया और आरिफ के शरीर पर जा गिरा। हादसे में उसके चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही अचेत हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल आरिफ को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा टायर में हवा भरने के दौरान रिम छटकने से हुआ।



