देहरादून: मालदेवता पुल पर फंदे से लटका मिला युवक का शव, आत्महत्या की आशंका

देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में मालदेवता से आगे लोहे के पुल पर रविवार को एक युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतारकर जांच की। मौके पर फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 35 वर्षीय तनवीर कुमार उर्फ शायरी के रूप में हुई है। वह घमंडपुर, रानीपोखरी का रहने वाला था और वर्तमान में बालावाला के वेदवानी विहार में रह रहा था। मौके पर एक स्कूटी भी खड़ी मिली, जो मृतक के रिश्तेदार की बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, युवक के शरीर पर चोट या संघर्ष के कोई निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने मौके पर शव की पहचान की। पुलिस प्रथमदृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।
पुलिस ने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।



