माणा से शुरू हुआ नशामुक्त भारत अभियान, सीएम धामी ने दिया नशे से दूर रहने का संदेश

चमोली के सीमांत गांव माणा से रविवार को नशामुक्त भारत अभियान का शुभारंभ किया गया। सजग इंडिया की ओर से शुरू किए गए इस अभियान को गंगा से गंगासागर और कश्मीर से कन्याकुमारी तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
अभियान में भारतीय सेना, गढ़वाल स्काउट, एनसीसी कैडेट्स और स्थानीय लोगों ने भागीदारी की। देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, स्थानीय लोगों और सेना के जवानों से संवाद कर नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सभी की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। साथ ही, नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी ने कहा कि बदरीविशाल की भूमि से शुरू हुए इस अभियान को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।



