आंध्र प्रदेश: गणेश उत्सव के अन्नदान कार्यक्रम में खौलते सांभर में गिरी महिला, इलाज के दौरान मौत

विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में गणेश चतुर्थी के मौके पर आयोजित अन्नदान कार्यक्रम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खौलते सांभर से भरे बड़े बर्तन में गिरने से 46 वर्षीय महिला सुजाता गंभीर रूप से झुलस गईं। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार को विजयवाड़ा के केएल राव नगर इलाके में हुई। सुजाता भोजन वितरण कार्यक्रम की तैयारियों में मदद कर रही थीं। इसी दौरान वह खौलते सांभर से भरे बर्तन को ले जा रही थीं, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वह बर्तन में गिर गईं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और आयोजकों ने महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से झुलसने के कारण इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसा कैद हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला किस तरह खौलते सांभर से भरे बर्तन में गिरीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना दुर्घटनावश हुई बताई जा रही है।



