राज्यसभा चुनाव: यूपी की 10 और उत्तराखंड की एक सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान, चुनाव आयोग ने जारी किया कार्यक्रम

नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 11 सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट शामिल है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की एक खाली राज्यसभा सीट पर उपचुनाव भी होगा। मतदान और मतगणना 16 अक्टूबर को कराई जाएगी।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। उत्तर प्रदेश की नौ सीटों और उत्तराखंड की एक सीट के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश की एक सीट पूर्व राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है।
उत्तराखंड की एक सीट पर होगा चुनाव
उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त होने के कारण एक सीट पर चुनाव कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश से सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों में हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, बृजलाल, बीएल वर्मा, राम गोपाल यादव, नीरज शेखर समेत अन्य सदस्य शामिल हैं।
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर निर्देश दिया है कि मतपत्र पर प्राथमिकता अंकित करने के लिए केवल रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराया गया निर्धारित बैंगनी रंग का स्केच पेन ही इस्तेमाल किया जाएगा।



