
उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण फंसे पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को कालिंदी पास और माउंट जोगिन क्षेत्र से कुल नौ पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकाला गया। सोमवार और मंगलवार को मिलाकर अब तक 49 लोगों को सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया जा चुका है।
कालिंदी खाल ट्रैक पर फंसे सभी 19 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एसडीआरएफ की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम ने अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर अभियान चलाया। लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण रेस्क्यू में चुनौतियां आईं, लेकिन मौसम अनुकूल होने पर अभियान फिर शुरू किया गया।
हर्षिल हेलीपैड पर रेस्क्यू किए गए ट्रेकर्स के लिए भोजन, गर्म पानी और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई है। प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, वन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभियान में जुटी हैं। अन्य क्षेत्रों में फंसे लोगों को भी सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।
बताया गया है कि गंगोत्री ग्लेशियर क्षेत्र की विभिन्न चोटियों और ट्रैकिंग रूटों पर कुल 136 पर्वतारोही फंसे थे। सोमवार को 40 लोगों को सुरक्षित निकाला गया था, जिसके बाद मंगलवार को भी रेस्क्यू अभियान जारी रहा।



