
हरिद्वार: हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुगम आवागमन के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा आधुनिक सर्विलांस तकनीक का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया।
बैठक में कुंभ मेला अधिकारी सोनिका और कुंभ के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. योगेंद्र रावत ने राज्यपाल को तैयारियों की जानकारी दी। राज्यपाल ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ स्वच्छता और सैनिटेशन को प्राथमिकता देने तथा मेले के आयोजन में एनसीसी, विश्वविद्यालयों, पूर्व सैनिकों और स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
1 जनवरी से 30 अप्रैल 2027 तक होगा कुंभ
मेला अधिकारी सोनिका के अनुसार, कुंभ मेला 1 जनवरी से 30 अप्रैल 2027 तक आयोजित होगा। इस दौरान कुल 10 स्नान पर्व होंगे, जिनमें चार अमृत स्नान शामिल हैं। व्यवस्थाओं के बेहतर संचालन के लिए कुंभ क्षेत्र को चार जिलों और 32 सेक्टरों में बांटने की योजना तैयार की गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों, पुलों और सड़कों सहित स्थायी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा रही है। इसके साथ ही अस्थायी टेंट सिटी और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां मेले के दौरान सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की विस्तृत योजना तैयार कर रही हैं। संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल और अन्य अभ्यास भी किए जा रहे हैं।



